केरल में समुद्र, चट्टानों, और रेतीले समुद्र तटों का बहुत बढ़िया तालमेल देखने को मिलता है जिससे यह पैरासेलिंग के लिए एक बहुत अच्छी जगह बन जाती है। केरल राज्य की सरकार ने पर्यटकों को अरब सागर के शानदार दृश्य का आनंद प्रदान करने के लिए कोवलम के हवा (हव्वा) बीच पर अपनी पहली आधिकारिक पैरासेलिंग परियोजना शुरू किया है जिसके लिए विन्च बोट और प्रमाणित उपकरणों का उपयोग किया जा रहा है।
अब, केरल पर्यटन, कोवलम, वर्कला और चेराई जैसे समुद्र तटों को उन मुख्य जगहों के तौर पर बढ़ावा दे रहा है जहाँ मान्यता प्राप्त एडवेंचर संचालकों के माध्यम से पैरासेलिंग और स्कूबा डाइविंग का आनंद उठाया जा सकता है।
इसके अलावा, केरल के उत्तर में समुद्र तटों के किनारे बसे नगरों जैसे कि कण्णूर (कन्नूर) में मुष़प्पिलन्गाड और पय्याम्बलम को जाने-माने पैरासेलिंग सेंटर के तौर पर मान्यता देने के अलावा उन्हें पैराग्लाइडिंग और माइक्रोलाइट फ़्लाइट जैसी अन्य हवाई गतिविधियों के लिए भी नामित किया जा रहा है।
समुद्र तट की स्थिति के आधार पर, पैरासेलिंग फ़्लाइट बस कुछ ही मिनट की होती है, जबकि ब्रीफ़िंग और बोट राइड सहित इस गतिविधि में कुल मिलाकर लगभग 20-30 मिनट का समय लगता है। केरल में पैरासेलिंग के लिए अक्टूबर से मार्च तक का समय सबसे अच्छा समय होता है, लेकिन मानसून के मौसम में या तेज़ हवा वाले दिनों में आराम करना या अपनी गतिविधि को किसी और दिन के लिए निर्धारित करना ही बेहतर होगा क्योंकि खराब समुद्री परिस्थितियां, एडवेंचर स्पोर्ट के लिए अच्छी नहीं होती हैं।
अगर आप पैरासेलिंग में नए हैं, आपको टैंडम पैरासेलिंग का चयन करना चाहिए; इसके अलावा, अगर आपको कोई स्वास्थ्य संबंधी समस्या है, तो आपको संचालक को उसके बारे में पहले से बता देना चाहिए।
पैरासेलिंग फ़्लाइटें, समुद्र और हवा संबंधी परिस्थितियों पर निर्भर करती हैं। आपको हमेशा इस बात का ध्यान रखना चाहिए कि आख़िरी मिनट में भी फ़्लाइटें रद्द हो सकती हैं या उनमें देरी हो सकती हैं।
आपको हार्नेस, टेक-ऑफ और लैंडिंग संबंधी निर्देशों का ध्यान से पालन करना चाहिए क्योंकि इन्हें आपकी सुरक्षा और आराम को ध्यान में रखकर ही तैयार किया गया है।
पैरासेलिंग के दौरान ऐसे कपड़े पहनने चाहिए जो आरामदायक भी हो और जल्दी सूख जाते हों, अच्छे जूते पहनने चाहिए, और ढीली-ढाली चीज़ों का उपयोग नहीं करना चाहिए। पैरासेलिंग से पहले आपको लाइफ़जैकेट और हार्नेस पहनने के लिए दिया जाएगा।
केरल पर्यटन द्वारा अनुमोदित संचालकों का चयन करें और यह सुनिश्चित करें कि उनके पास सही लाइफजैकेट, विंच बोट और प्रशिक्षित कर्मचारी मौजूद हों।