केरल में अप्पम और चिकन स्ट्यू अनेक परिवारों का पसंदीदा नाश्ता मेनू है। अप्पम फूले-फूले से गोल डबलरोटी जैसा होता है जिसके किनारे कुरकुरे होते हैं चिकन स्ट्यू के साथ खाने के लिए मुफीद होता है। चिकन स्ट्यू अपने मोटे लजीज ग्रेवी के लिए प्रसिद्ध है जिसमें ताजे नारियल का दूध मिला होता है। यह व्यंजन कई पीढ़ियों से प्रचलित रहा है और जो भी इसका स्वाद एक बार ले लेता है उसका यह पसंदीदा व्यंजन बन जाता है। हमें उम्मीद है बड़ी सावधानी से तैयार किया जाने वाला यह व्यंजन आपके नश्ते के लिए भी पसंदीदा होगा।
अप्पम की सामग्री
कच्चा चावल - ½ किग्रा
नारियल (कद्दूकस किया हुआ)- 1 संपूर्ण
यीस्ट – ½ चम्मच
नमक - स्वादानुसार
चीनी - 3 चम्मच
पकाया हुआ चावल (भात) – ½ कप
बनाने की विधि
लगभग चार घंटे तक चावल को भिंगोएं और फिर पानी को पूरी तरह निकाल दें। पानी निकालकर भींगे चावल को पकाया हुआ चावल (भात) और कद्दूकस किए हुए नारियल के साथ मिक्सर में पीस लें। उबले हुए पानी में यीस्ट, नमक और चीनी डालें और इसे आधे घंटे तक रहने दें। इसे फिर पिसे हुए मिश्रण में मिलाएं। आठ घंटे तक मिश्रण को फर्मेंट होने दें। मिश्रण को नॉन-स्टिक पैन में मोटी परत के रूप में फैलाएं। इसे थोड़ा और फैलाएं।
पक जाने के बाद अप्पम को पैन से निकालें और गर्म परोसें। चिकन स्ट्यू के साथ इसे परोसना मुफीद होता है।
चिकन स्ट्यू की सामग्री
चिकन के टुकड़े - ½ किग्रा
आलू - 1
बड़ा प्याज – 1
गाजर - 1 बड़ा
हरी मिर्च - 5
लहसुन - 8 कलियां
अदरक - 1 टुकड़ा
दालचीनी - 2 स्टिक
लौंग - 3
इलाइची - 3
तेजपत्ता - 1
करी पत्ता
धनिया पत्ता
नारियल तेल - 3 चम्मच
गाढ़ा नारियल दूध - 1 कप
कुचला हुआ गोल मिर्च -1/2 चम्मच
बनाने की विधि
चिकन, प्याज और गाजर को छोटे चौकोर टुकड़ों में काटें। प्रेशर कुकर में दो चम्मच नारियल तेल गर्म करें। लौंग, दालचीनी और इलाइची डालें। थोड़ा चलाएं। अब इसमें लहसुन और अदरक डालने के बाद प्याज, गाजर, आलू और हरी मिर्च डालें। फिर से थोड़ा चलाएं। अब आप इसमें चिकन के टुकड़े डाल सकते हैं। फिर से चलाएं। तेजपत्ता डालें। आधा कप पानी डालें। ढक्कन बंद करें और तीन मिनट तक पकाएं।
ढक्कन हटाएं और सारी सामग्री को एक सॉस पैन में डाल दें। थोड़ा चलाएं। अब इसमें नमक, कुचला हुआ गोल मिर्च, करी पत्ता और धनिया पत्ता डालें। अच्छी तरह चलाएं। गाढ़ा नारियल दूध और थोड़ी मात्रा में तेल डालें। अच्छी तरह चलाएं और दो मिनट तक पकाएं। आखिर में इसे करी पत्ते से सजाएं।
आपका चिकन स्ट्यू तैयार है। अप्पम के साथ इसे गर्मागर्म परोसें।