तीयल केरल के अधिकांश घरों में पकाया जाता है। यह सभी अवसरों पर खाया जाने वाला एक लोकप्रिय शाकाहारी उपव्यंजन है। नारियल के बेहरतीन स्वाद के साथ यह मसालेदार व्यंजन राज्य में प्रचलित एक बेहतरीन ग्रेवी युक्त व्यंजन है। इसके स्वाद का रहस्य उन सब्जियों की संख्या पर निर्भर करता है जिनका इस्तेमाल इसके निर्माण में किया जा सकता है। नीचे इसकी रेसिपी दी गई है जो आपको इसे घर पर बनाने में मदद करेगी।
सामग्री
बैंगन (छोटा) – 4
छोटा प्याज – 10
मिर्च पाउडर – 2 चम्मच
धनिया पाउडर - 2 चम्मच
हल्दी पाउडर - ½ चम्मच
कूटा हुआ गोलमिर्च - ½ चम्मच
इमली पानी - ½ कप
सरसों के दाने - 1 चम्मच
नारियल कद्दूकस किया हुआ - 1 कप
मेथी – 1 चम्मच
नारियल तेल - 3 चम्मच
करी पत्ता
नमक - स्वादानुसार
लाल मिर्च
बनाने की विधि
एक पैन में थोड़ा तेल गर्म करें। इसमें कद्दूकस किया हुआ नारियल डालें। जब यह हलका भूरा हो जाए इसमें मेथी डालें। चलाते रहें। अब इसमें धनिया पाउडर, मिर्च पाउडर, कूटा हुआ गोलमिर्च और हल्दी पाउडर डालें। अच्छी तरह चलाएं। छोटा प्याज डालें। फिर चलाएं। सामग्रियों का पेस्ट बनाएं और अलग रख दें।
एक दूसरे पैन में दो चम्मच तेल गर्म करें। इसमें छोटे क्यूब के आकार में कटे हुए बैंगन डालें। अच्छी तरह चलाएं। बर्तन का ढक्कन बंद करें और कुछ देर तक पकाएं।
अब आप ढक्कन हटा सकते हैं, थोड़ा चलाएं और फिर से ढक्कन बंद कर दें और कुछ देर और पकाएं। फिर से ढक्कन हटाएं और इमली पानी तथा शुरुआत में तैयार किए गए सामग्रियों का पेस्ट डालें। अब इसे उबलने दें। इसमें थोड़ा पानी डालें। धीरे-धीरे चलाएं और नमक मिलाएं। फिर से चलाएं।
अब तीयल में छौंक डालने की तैयारी करें। थोड़ा तेल गर्म करें और उसमें सरसों, लाल मिर्च और करी पत्ता डालें। तीयल में छौंक डालें।
इसे गर्मागर्म परोसें।














