तिरुवनंतपुरम में कोट्टूर

 

यह अद्भुत गंतव्य कोट्टूर पश्चिमी घाट (वेस्टर्न घाट) के अगस्त्यकूडम पर्वत श्रृंखला में बसा है। घने जंगलों से भरा यह इलाका दुर्लभ वनस्पतियों और जीव-जंतुओं का निवास है। यहां ऊंचे वृक्षों वाले जंगल पाए जाते हैं और अनेक जलधाराएं और छोटी-छोटी नदियां देखने को मिलती हैं। यह स्थान अगस्त्यकूडम बायोलॉजिकल पार्क का अभिन्न अंग है और पर्यटकों को वन विभाग के चेक नाके के आगे 1.5 किमी दूर से वॉच टावर तक जाने दिया जाता है। यहां से पर्यटक पोनमुडि पर्वत के साथ-साथ तोट्टूंपारा, कतिरुमुडि, अगस्त्यकूडम और पांडिपत्त़ चोटियों का नजारा देख सकते हैं।

इस इलाके में हाथियों को विचरते देखा जा सकता है। वाच टावर तक की पगडंडी तक ये प्राणी अकसर आते रहते हैं और वे मानव उपस्थिति के आदी हो चुके हैं। इन जंगलों में अनेक आदिवासी बस्तियां भी हैं। वॉच टावर के आगे मांकोड़, चोनांपारा और अंचु नाषिकात्तोड़ तक जाया जा सकता है जहां से आगे पेप्पारा डैम प्रॉजेक्ट का इलाका आता है। इन इलाकों में जाने के लिए आपको वन विभाग की अनुमति लेनी होगी।

जो लोग अंचु नाषिकात्तोड़ तक जाते हैं उनके लिए हाथियों के झुंड देखने की पूरी संभावना होती है। यहां आप जंगली सुअर, नीलगिरि लंगूर, जायंट स्क्विरेल (विशाल गिलहरी), भालू, बायसन (गौर), सांबर, जंगली मुर्गा, ग्रे हॉर्नबिल (धनेश) तथा अनेक प्रकार की रंगबिरंगी तितलियां देख सकते हैं। यह इलाका अपने औषधीय वनस्पतियों की किस्मों के लिए भी प्रसिद्ध है।

हाथियों के प्रेमी नजदीकी काप्पूकाड़ के रिहैबिलिटेशन सेंटर जाकर उन्हें देख सकते हैं। हाथियों के लिए खास तौर से विकसित किए गए इस स्थल पर आपको बड़ा और बच्चा हाथी दोनों ही यहां के शांत और सुरक्षित वातावरण में आराम से विचरते दिखेंगे। 11:00 और 17:00 बजे की बीच आप कभी भी बीस मिनट की एलीफैंट सफारी का आनंद उठा सकते हैं। 20 मिनट की इस सफारी के लिए 100 रु. प्रति व्यक्ति का शुल्क देय होता है।

यहां पहुंचने के लिए

नजदीकी रेलवे स्टेशन: तिरुवनंतपुरम सेंट्रल, लगभग 20 कि.मी. |
नजदीकी एयरपोर्ट: त्रिवेंद्रम (तिरुवनंतपुरम) इंटरनेशनल एयरपोर्ट, लगभग 27 कि.मी. |

अवस्थिति

अक्षांश: 8.513459, देशांतर: 77.083311

District Tourism Promotion Councils KTDC Thenmala Ecotourism Promotion Society BRDC Sargaalaya SIHMK Responsible Tourism Mission KITTS Adventure Tourism Muziris Heritage

टॉल फ्री नंबर: 1-800-425-4747 (केवल भारत में)

डिपार्टमेंट ऑफ़ टूरिज्म, गवर्नमेंट ऑफ़ केरल, पार्क व्यू, तिरुवनंतपुरम, केरल, भारत - 695 033
फोन: +91 471 2321132, फैक्स: +91 471 2322279, ई-मेल: info@keralatourism.org.
सर्वाधिकार सुरक्षित © केरल टूरिज्म 2020. कॉपीराइट | प्रयोग की शर्तें | कुकी पॉलिसी | संपर्क करें.
इनविस मल्टीमीडिया द्वारा विकसित व अनुरक्षित.

×
This wesbite is also available in English language. Visit Close